NARAYANPUR: बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुँचे वन मंत्री केदार कश्यप, पालकी में राहत सामग्री और आर्थिक सहायता पहुँचाकर बढ़ाया हौसला

प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएँ, अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश


[संवाददाता दीनू बघेल] नारायणपुर। लगातार हुई बारिश और बाढ़ से प्रभावित पालकी गांव का दौरा करते हुए प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी स्थिति का जायजा लिया, समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

दौरे के दौरान मंत्री ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक एवं राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिन परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पात्र परिवार तक सहायता पहुंचने में देरी नहीं होनी चाहिए।

वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों की लगातार निगरानी कर रही है। प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन परिवारों को अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभ पहुंचाया जाए ताकि वे जल्द सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

प्रभावित ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। हर प्रभावित नागरिक तक राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *