NARAYANPUR: व्हाट्सएप अकाउंट कब्जे में लेकर परिचितों से मांगे पैसे, यूपी से पकड़ा गया आरोपी

[दीनू बघेलजिला संवाददाता✍️] 

नारायणपुर/ छोटेडोंगर। साइबर अपराधियों के बढ़ते नेटवर्क के बीच नारायणपुर पुलिस ने एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसमें एक महिला के व्हाट्सएप अकाउंट पर अनधिकृत रूप से कब्जा कर उसकी पहचान का इस्तेमाल करते हुए परिचितों से पैसों की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचते हुए उसे उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया।
मामला नारायणपुर जिला मुख्यालय से करीबन 43 किलोमीटर दूर छोटे डोंगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त 2026 को प्रार्थिया के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम आलोक बताते हुए कहा कि प्रार्थिया के नाम से ग्राम पंचायत छोटे डोंगर में सामान पहुंचा है। सामान प्राप्त करने के लिए उसे एक मोबाइल नंबर डायल करने के लिए कहा गया। प्रार्थिया द्वारा बताए गए नंबर पर संपर्क करने के कुछ समय बाद उसका व्हाट्सएप अकाउंट अनधिकृत रूप से दूसरे व्यक्ति के नियंत्रण में चला गया। इसके बाद उसके व्हाट्सएप अकाउंट से परिचितों और अन्य लोगों को उसकी पहचान के जरिए पैसों की मांग वाले संदेश भेजे जाने लगे। प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि उसने स्वयं किसी से इस तरह की रकम नहीं मांगी थी।

 

शिकायत के बाद शुरू हुई डिजिटल जांच : मामले की गंभीरता को देखते हुए छोटे डोंगर थाने में अपराध क्रमांक 19/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C), 66(D) के तहत जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना से जुड़े डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन्हीं साक्ष्यों के जरिए पुलिस आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने तक पहुंची।
नारायणपुर से यूपी तक पहुंची पुलिस टीम : तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और बलिया जिले के बड़ा गांव निवासी रितेश गुप्ता, उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका : कार्रवाई में थाना छोटे डोंगर प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर प्रसाद ध्रुव, सहायक उप निरीक्षक रूमंत देवांगन, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक राजकुमार सोरी, आरक्षक कमल किशोर जोशी और साइबर सेल आरक्षक संदीप चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह कार्रवाई नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी छोटे डोंगर मनोज मंडावी एवं उप पुलिस अधीक्षक साइबर आशीष कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस की अपील – अनजान कॉल और कोड से रहें सावधान : नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी मोबाइल नंबर, लिंक या कोड का इस्तेमाल न करें। व्हाट्सएप और सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा के लिए OTP, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने अथवा नजदीकी पुलिस थाना/साइबर सेल को सूचना देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *