Narayanpur: डबल इंजन सरकार ने जनता पर डाला महंगाई का करंट, बिजली दर वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हमला, CM साय पर साधा निशाना

नारायणपुर में कांग्रेस का हल्ला बोल, बिजली दरों में पांचवीं बढ़ोतरी को बताया जनविरोधी फैसला।

[संवाददाता, दीनू बघेल] नारायणपुर। बिजली दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर जिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए बड़ा हमला बोला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन करने के एक दिन बाद आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने महंगाई का ऐसा करंट दिया है, जिससे आम जनता, किसान, मजदूर और व्यापारी सभी बेहाल हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान शहर अध्यक्ष रघु मानिकपुरी और अन्य नेताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के दौरान लाखों परिवारों को 400 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलती थी और पांच वर्षों में बिजली दरों में महज 2 पैसे की वृद्धि हुई थी। वहीं भाजपा सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में पांच बार बिजली दरें बढ़ाकर जनता की जेब पर सीधा हमला किया है।कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि हालिया बढ़ोतरी में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि कर आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी गई हैं। उनका कहना है कि विकास कार्य ठप हैं, रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और महंगाई की मार से हर वर्ग परेशान है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से संचालित हो रही है और जनता के हितों की अनदेखी कर लगातार महंगाई का बोझ बढ़ाया जा रहा है। किसानी के मौसम का हवाला देते हुए नेताओं ने पेट्रोल-डीजल संकट पर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि जिले में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं और किसानों को ईंधन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

प्रेस वार्ता में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि देवांगन, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष माधेश्वर जैन, जिला महासचिव एवं प्रवक्ता अमित भद्र, वी.पी. शुक्ला, संजय राय, शेख तौहीद अहमद, शब्बीर बढ़गुजर, बोधन देवांगन, जय वट्टी, दीपक गांधी, रमेश ध्रुव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *