
[दीनू बघेल। जिला संवाददाता ✍️]
नारायणपुर : भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मंडल के शक्ति केंद्र एडका की मासिक बैठक 25 अगस्त को ग्राम बोरपाल में संपन्न हुई। बैठक में बूथ कमेटी की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से जिला पंचायत सदस्य व शक्ति केंद्र प्रभारी संतनाथ उसेण्डी का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचानी होगी। बैठक के दौरान बूथ सशक्तिकरण पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति और हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ। कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया कि वे पूरी ऊर्जा के साथ संगठन के काम में जुट जाएं।

आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि महीने के अंतिम रविवार को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम को हर बूथ स्तर पर आयोजित किया जाएगा और इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाएगा। इसके अलावा, बैठक में स्थानीय जनसमस्याओं पर भी गहन चर्चा की गई।
इस अवसर पर नानू नाग भाजयुमो जिलाध्यक्ष व शक्ति केंद्र सह संयोजक नानू नाग, राजेश ठाकुर, रूप नारायण ठाकुर, लखन उसेण्डी, दुकार हिचामी, संतोष उसेण्डी, चमरू बघेल, बहादूर सिंह, चमरू नाग, सुकलु राम दुग्गा, रोशन लाल सहित बूथ अध्यक्ष पदाधिकारी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित थे।


