[संवाददाता दीनू बघेल] नारायणपुर।सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को लेकर यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा शासकीय स्वामी आत्मानंद विद्यालय, सिंगोड़ीतराई में ट्रैफिक की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक मो. मोहसिन खान ने विद्यालय के प्राचार्य के.के. मिस्त्री, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को सड़क पर सुरक्षित आवागमन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, सड़क चिन्हों तथा सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
सड़क सुरक्षा- जीवन रक्षा का संदेश
यातायात प्रभारी मो. मोहसिन खान ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा- जीवन रक्षा का संदेश देते हुए सुरक्षित वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालयों और संस्थानों में लगातार जागरूकता अभियान
यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों एवं वाहन चालकों के बीच लगातार यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इन अभियानों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के साथ-साथ पीएम राहत एवं राहवीर योजना के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की शपथ दिलाई गई।