अबूझमाड़ में रंगों से सजी शांति की दौड़ पीस हॉफ मैराथन के प्रचार में बच्चों ने दीवारों पर उतारी बस्तर की आत्मा

अबूझमाड़ पीस मैराथन 2026 के प्रचार में छात्रों ने रच दिया इतिहास, वॉल पेंटिंग से दिया एकता का संदेश।

[संवाददाता दीनू बघेल] नारायणपुर। आगामी 31 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नारायणपुर अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन के प्रचार-प्रसार को लेकर जिले में एक अनोखी और रचनात्मक पहल देखने को मिली। इस अवसर पर वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रंगों के माध्यम से शांति, एकता और खेल भावना का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने दीवारों को कैनवास बनाकर अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन, बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक कला, वेश-भूषा, घने जंगल-पहाड़, और नारायणपुर के प्रसिद्ध जलप्रपातों को बेहद जीवंत और आकर्षक रूप में उकेरा। रंगों और कल्पनाओं से सजी इन दीवारों ने आमजन का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। शांति, भाईचारा, एकता और खेल भावना को केंद्र में रखकर बनाई गई इन पेंटिंग्स के जरिए बच्चों ने आम नागरिकों को अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन में शामिल होने का खुला आमंत्रण दिया।
नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया ने कहा 31 मार्च 2026 को होने वाली अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन के लिए आज यह प्रोमोशनल इवेंट आयोजित किया गया है। जिले के अलग-अलग स्कूलों के बच्चों ने वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है। इन पेंटिंग्स में पूरी बस्तर की संस्कृति और कला को दर्शाया गया है। बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रतियोगिता का परिणाम आज शाम तक घोषित कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *