NARAYANPUR: नाबालिग दुष्कर्म-हत्या पर कांग्रेस का मोमबत्ती मार्च, भाजपा की चुप्पी पर उठे सवाल।

[संवाददाता – दीनू बघेल] नारायणपुर। जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ओरछाकुरई की नाबालिग आदिवासी बालिका के साथ दुष्कर्म कर कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या किए जाने की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक वारदात के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जय स्तम्भ चौक पर मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेसजनों ने मृत बालिका को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की अस्मिता पर हमला है, जिसे किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेताओं ने सत्ताधारी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्र में एक आदिवासी नाबालिग के साथ इस तरह की दरिंदगी के बावजूद भाजपा के आदिवासी नेतृत्व की चुप्पी शर्मनाक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निर्भया कांड के समय भाजपा के नेता देशभर में मोमबत्ती मार्च निकाल रहे थे, तब आज आदिवासी क्षेत्र में हुई इस घटना पर उनका मौन क्यों है।
विपक्ष नेताओं ने आरोप लगाया कि यह भाजपा की दोहरी नीति और आदिवासी विरोधी सोच को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा केवल नारों से नहीं, बल्कि मजबूत कानून व्यवस्था और जवाबदेही से सुनिश्चित होगी। कांग्रेस कमेटी ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोषी को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की और प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की अपील की।

श्रद्धांजलि सभा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, शहर अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, ब्लॉक अध्यक्ष रवि देवांगन, जिला कांग्रेस सचिव संजय राय, एनएसयूआई प्रदेश सचिव जय वट्टी, जिलाध्यक्ष विजय सलाम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीपी शुक्ला, माधेश्वर जैन, यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता राकेश केशरिया, मनोज सेन, किसलय देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *