NARAYANPUR: नाबालिग दुष्कर्म-हत्या कांड में नया अपडेट

आरोपी की तस्वीर आई सामने, पुलिस हिरासत में जारी पूछताछ

[संवाददाता दीनू बघेल] नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सामने आए नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले में अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस जघन्य अपराध में गिरफ्तार आरोपी संजू कुमेटी की तस्वीर पुलिस हिरासत में सामने आई है, जिसे लेकर इलाके में आक्रोश और गुस्सा और भी बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अबूझमाड़ इलाके के ग्राम ओरछाकुरुई की 10 वर्षीय बालिका राधा (नाम परिवर्तित) 31 दिसंबर से लापता थी। 4 जनवरी को उसका शव कोसरा खेत में मिलने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

नारायणपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी ग्राम गुनेर निवासी संजू कुमेटी ने पीड़िता से पूर्व परिचय का फायदा उठाकर पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर धारदार हथियार कुल्हाड़ी से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और उसने वारदात को अंजाम देने की पुष्टि की है।

अब आरोपी की तस्वीर सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा और बढ़ गया है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग तेज कर दी है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। विवेचना पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *