वन मंत्री केदार कश्यप व सांसद महेश कश्यप ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सौंपे ई-रिक्शा।
[संवाददाता, दीनू बघेल] नारायणपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के वन मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक केदार कश्यप और बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप की अध्यक्षता में जिले के छोटेडोंगर क्षेत्र में एक दिवसीय प्रवास के दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। इस अवसर पर भारत माता स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ई-रिक्शा वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ई-रिक्शा न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि इसकी परिचालन लागत भी कम है, जिससे महिलाएं स्थानीय परिवहन सेवाओं से जुड़कर स्वरोजगार प्राप्त कर सकेंगी। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और वे अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पाएंगी। वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की सभी बहनों की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ही ई-रिक्शा वितरण की यह पहल की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारने के लिए लगातार तेज़ी से काम कर रही है और आने वाले समय में ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों में महिलाओं के लिए रोजगार के और भी अवसर सृजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। ई-रिक्शा मिलने से महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सरकार के इस कदम का स्वागत किया।