[संवाददाता, दीनू बघेल] नारायणपुर। सरकारी योजनाएं जब कागजों से निकलकर ज़मीन पर संवेदनशीलता का रूप लेती हैं, तब उसका असर सीधे समाज पर दिखता है। आओ बांटें खुशियां अभियान के तहत ऐसा ही एक मानवीय दृश्य अबूझमाड़ बालक आश्रम, कानागांव में देखने को मिला, जहां छत्तीसगढ़ राज्य ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के सहायक अभियंता विजय कुमार ध्रुव ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर प्रशासन की संवेदनशील तस्वीर पेश की।
कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विजय ध्रुव अपने परिवार के साथ आश्रम पहुंचे और बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन को औपचारिकता नहीं, बल्कि सहभागिता का उत्सव बनाया। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना और न्योता भोज की भावना के अनुरूप बच्चों को खीर, पूड़ी, फल एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया।
इस मौके पर विजय ध्रुव ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया, उनसे संवाद किया और उनकी पढ़ाई, दिनचर्या व जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने आश्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों एवं स्टाफ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की खुले दिल से सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह और अपनापन साफ झलकता रहा। यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए यादगार बन गया, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि जब अधिकारी समाज से जुड़ते हैं, तो योजनाएं केवल लागू नहीं होतीं वे जीवन में खुशियां भी भरती हैं।