[संवाददाता, दीनू बघेल] नारायणपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत नारायणपुर जिले के ग्राम पंचायत कुकड़ाझोर में आयोजित आवास दिवस सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीणों के सपनों को पक्की छत देने का उत्सव बन गया। इस आयोजन में पात्र हितग्राहियों को न सिर्फ पक्के मकान का भरोसा मिला, बल्कि समय पर आवास पूरा करने वालों को सम्मानित कर सरकार की मंशा भी साफ दिखाई दी।
राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत नारायणपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार सोनपीपरे विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल घर बनाने की योजना नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और स्थायी जीवन की नींव है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विकसित भारत–जी राम जी जैसे कार्यक्रमों के उद्देश्यों और लाभों को सरल शब्दों में समझाया गया, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।
आवास दिवस की सबसे भावुक और खास घड़ी तब आई, जब हितग्राही रामनाथ को परिवार सहित गृह प्रवेश कराया गया। वहीं स्वीकृत आवास वाले हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए और निर्धारित समय-सीमा में मकान पूरा करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे अन्य हितग्राहियों में भी समय पर निर्माण पूरा करने की प्रेरणा दिखी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ तेजी, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में जिला समन्वयक, ब्लॉक आवास समन्वयक, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और आवास हितग्राही मौजूद रहे।